शिवपुरी (मध्यप्रदेश), पांच जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि अब मध्यप्रदेश के शिवपुरी में मिसाइलें बनेंगी, जो दुश्मनों के घरों में घुसकर उन्हें ढेर करेंगी और भारत का मान-सम्मान बढ़ाएंगी।
उन्होंने यहां अदाणी समूह की ओर से स्थापित किए जा रहे अत्याधुनिक रक्षा उपकरण संयंत्र का शिलान्यास करने के बाद अपने संबोधन में यह बात कही। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे।
इस इकाई की स्थापना अदाणी समूह की सहायक कंपनी ‘अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस’ द्वारा लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से की जा रही है।
यादव ने कहा, ‘‘आज शिवपुरी से रक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। यहां से जो मिसाइल बनेंगी, वो लंबी दूरी तय करके दुश्मन के देश में गिरेंगी और भारत का मान-सम्मान बढ़ाएंगी। आज हमारा ये सपना भी साकार हो रहा है।’’
उन्होंने कहा कि अब यहां रोजगार का नया मौका मिलेगा और इस परियोजना से करीब पांच हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
अदाणी समूह के करण अदाणी और जीत अदाणी ने भी शिलान्यास समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान, यादव और सिंधिया ने 211.29 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में आज नए इतिहास की इबारत लिखी जा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। उनके नेतृत्व में भारत का मान बढ़ा है।’’
सिंधिया ने कहा कि संकट के समय विश्व भारत की ओर आशा से देखता है क्योंकि ‘विकसित भारत-2047’ जन-जन का लक्ष्य बन चुका है।
जीत अदाणी ने कहा कि आज खास दिन है क्योंकि यहां ‘मिशन रेडी मिसाइल’ बनाई जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश सबसे तेजी से विकास कर रहा है। मुख्यमंत्री यादव की मेहनत का परिणाम है कि यह राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर है। अदाणी समूह राज्य के कई जिलों में निवेश कर रहा है। यह निवेश केवल किसी योजना में नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की जनता और उसके भविष्य में निवेश है। शिवपुरी में इस योजना से पांच हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।’’
भाषा ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक