मेघालय: मुख्यमंत्री का शाह से एफसीआरए में प्रस्तावित बदलावों पर ईसाई संस्थाओं की सुरक्षा का आग्रह

Ads

मेघालय: मुख्यमंत्री का शाह से एफसीआरए में प्रस्तावित बदलावों पर ईसाई संस्थाओं की सुरक्षा का आग्रह

  •  
  • Publish Date - July 5, 2026 / 10:00 PM IST,
    Updated On - July 5, 2026 / 10:00 PM IST

शिलांग, पांच जुलाई (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने रविवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और एफसीआरए में प्रस्तावित बदलावों को लेकर राज्य की चिंताओं पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से जनसेवा में लगी ईसाई संस्थाओं पर असर पड़ सकता है।

संगमा एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे, जिसमें प्रेस्बिटेरियन चर्च ऑफ़ इंडिया, नॉर्थ ईस्ट इंडिया क्रिश्चियन काउंसिल, आर्चडायोसिस ऑफ़ शिलांग और गारो बैपटिस्ट कन्वेंशन के प्रतिनिधि शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने शाह को विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) के कुछ प्रावधानों को लेकर राज्य की चिंताओं और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, समाज कल्याण तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम करने वाली संस्थाओं पर इनके असर के बारे में जानकारी दी।

संगमा ने केंद्र से आग्रह किया कि एफसीआरए से जुड़े मामलों पर विचार करते समय मेघालय की खास परिस्थितियों का ध्यान रखा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि जनसेवा में लगी असली संस्थाएं बिना किसी रुकावट के अपना काम जारी रख सकें।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कानून में किसी भी बदलाव से जनसेवा में लगी वास्तविक संस्थाओं के कामकाज में बाधा नहीं आनी चाहिए।’’

संगमा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमने इन संस्थाओं के सुचारू कामकाज और राज्य के लोगों के हितों की सुरक्षा के मामले में केंद्र सरकार से विचार करने का आग्रह किया।’’

भाषा नेत्रपाल सुभाष

सुभाष