भोपाल, दो जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजधानी भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड (यूका) की रासायनिक अपशिष्ट मुक्त भूमि पर भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा।
यादव ने कहा, ‘यूनियन कार्बाइड इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) की रासायनिक कचरा मुक्त भूमि पर एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जाना है। पर्यावरण योजना एवं समन्वय संगठन (ईपीसीओ) को गुजरात के भुज में वर्तमान में निर्माणाधीन संग्रहालय का निरीक्षण करने के बाद इस उद्देश्य के लिए एक कार्य योजना तैयार करनी चाहिए।’
यादव ने यहां मंत्रालय (राज्य सचिवालय) में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा के लिए हुई बैठक में कहा कि भोपाल में इसी तरह के भव्य स्मारक के निर्माण के लिए एक औपचारिक प्रस्ताव प्रस्तुत करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) द्वारा वर्तमान में अप्रयुक्त सरकारी भूमि को पुनः प्राप्त करने के प्रयास किए जाने चाहिए और इसे केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के समन्वय से जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उज्जैन की दत्ताना मटना हवाई पट्टी के स्थान पर नए हवाई अड्डे के निर्माण के काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन समारोह को जल्द से जल्द आयोजित करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
बैठक में बताया गया कि नए एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है।
यादव ने कहा कि श्री महाकालेश्वर मंदिर की तरह, राज्य भर के विभिन्न मंदिरों में होमगार्ड के पद सृजित किए जाने चाहिए और उनकी नियुक्तियां मंदिर समिति के खर्च पर की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि अग्निवीरों को मध्यप्रदेश पुलिस में विशेष सशस्त्र बल (कांस्टेबल पदों) की भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए।
भाषा ब्रजेन्द्र
अमित
अमित