राजगढ़ (मप्र), 10 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को भारी बारिश के बीच 11 यात्रियों को ले जा रहा एक वाहन उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गया, जिससे एक बालिका समेत नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे सारंगपुर कस्बे के पास पदाना बायपास की पुलिया पर हुई।
उसने बताया कि चालक नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद गाड़ी पार कराने का प्रयास करने लगा तभी वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया।
अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर मौजूद स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने चालक को आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी थी, लेकिन उसने वाहन आगे बढ़ा दिया।
अधिकारियों के अनुसार तेज बहाव में वाहन के बहने के बाद ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सियों की मदद से बचाव अभियान चलाया और दो यात्रियों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि एक बच्ची समेत नौ लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
सारंगपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अरविंद सिंह ने बताया कि सोमवार को भारी बारिश के कारण क्षेत्र की नदियां और नाले उफान पर हैं।
उन्होंने कहा कि पदाना बायपास के पास सड़क पर बने नाले में तेज बहाव के बावजूद चालक ने लापरवाही से वाहन उसमें उतार दिया, जिसके कुछ ही देर में पानी में डूब जाने से नौ लोगों की मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि इस संबंध में सारंगपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सं दिमो राजकुमार
राजकुमार