रुपये में कमजोरी से सर्राफा में चमक; सोना 2,000 रुपये मजबूत, चांदी 5,200 रुपये चढ़ी

Ads

रुपये में कमजोरी से सर्राफा में चमक; सोना 2,000 रुपये मजबूत, चांदी 5,200 रुपये चढ़ी

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 06:11 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 06:11 PM IST

नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) भारतीय रुपये में आई गिरावट के कारण आयात महंगा होने से राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में सोने की कीमतों में तेजी जारी रही। सोना 2,000 रुपये बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

पिछले कारोबारी सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, पिछले सत्र में स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमतों में भी फिर से तेजी लौट आई। सभी करों सहित चांदी 5,200 रुपये की छलांग लगाकर 2.40 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

चांदी शुक्रवार को 2,34,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबारियों का कहना है कि रुपये में आई गिरावट से घरेलू बाजार में आयातित सोना-चांदी महंगा हो गया, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट ने तेजी को थोड़ा सीमित रखा।

अमेरिकी डॉलर की मजबूती और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच सोमवार को रुपया 11 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ।

एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘हालिया तेजी के बाद वैश्विक बाजार में सोना लगभग स्थिर रहा, लेकिन घरेलू बाजारों में इसमें बढ़त देखी गई। निवेशक नए आर्थिक संकेतों का इंतजार कर रहे हैं, जिससे सर्राफा की कीमतें मजबूत बनी हुई हैं।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना थोड़ा घटकर 4,335.32 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी बढ़कर 63.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय