छात्र आंदोलनों पर भाजपा महासचिव पटेल ने कहा,‘‘देश को बांटने के लिए विदेशी ताकतें फैला रहीं जहर’’

छात्र आंदोलनों पर भाजपा महासचिव पटेल ने कहा,‘‘देश को बांटने के लिए विदेशी ताकतें फैला रहीं जहर’’

छात्र आंदोलनों पर भाजपा महासचिव पटेल ने कहा,‘‘देश को बांटने के लिए विदेशी ताकतें फैला रहीं जहर’’
Modified Date: August 25, 2026 / 04:36 pm IST
Published Date: August 25, 2026 4:36 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल ने मंगलवार को दावा किया कि ‘विदेशी ताकतें’ देश को विभाजित करने के वास्ते विद्यार्थियों को आंदोलनों के लिए बरगला कर द्वेष फैला रही हैं।

पटेल ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर एक विचार का जाल फेंके जाने के बाद जेन-जी के युवा इससे जुड़ गए, लेकिन देश में इस विचार को परदे के पीछे से बाहरी तत्वों द्वारा समर्थन दिया गया।’’

भाजपा महासचिव से दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉजपा के आंदोलन की तर्ज पर अलग-अलग प्रदेशों में विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन शुरू होने को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई थी।

उन्होंने कहा कि देश में पहले जो छात्र आंदोलन होते थे, वे सकारात्मक नजरिये से होते थे और उनमें नेताओं के प्रति सम्मानजनक शब्द बोले जाते थे।

पटेल ने कहा,‘‘..परंतु अभी जिस प्रकार से कई विदेशी ताकतें इस देश को विभाजित करने के लिए (विद्यार्थियों के बीच) जहर और द्वेष फैलाने का काम कर रही हैं, वह सब लोगों के ध्यान में आ रहा है। हालांकि, हमारे युवा बहुत समझदार हैं और वे भी इस बात को समझ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि वह युवाओं से आग्रह करते हैं कि वे अपनी मांगें ‘मर्यादा में’ करें क्योंकि सत्तारूढ़ भाजपा उनकी हर समस्या का निराकरण कर रही है।

पटेल, लोकसभा में राज्य के आदिवासी बहुल खरगोन-बड़वानी क्षेत्र की नुमाइंदगी करते हैं।

बड़वानी जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के शिक्षकों पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और अभद्र बर्ताव के आरोप लगाते हुए सोमवार को लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने करीब 25 किलोमीटर तक पैदल मार्च किया था।

इस बारे में पूछे जाने पर पटेल ने कहा,‘‘विद्यालय के किसी शिक्षक के कारण थोड़ी-बहुत त्रुटियां हो सकती हैं, लेकिन बच्चों को सड़क पर नहीं आना चाहिए। हम बच्चों के साथ हैं और उनकी समस्याओं का निश्चित तौर पर निराकरण होगा।’’

उन्होंने दावा किया कि पिछले एक साल से सक्रिय कुछ संगठनों ने इस विद्यालय के विद्यार्थियों को बरगला कर उनसे विरोध प्रदर्शन कराया।

भाजपा महासचिव ने एक सवाल पर कहा कि देश एथनॉल उत्पादन को लेकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है जिससे रोजगार के अवसरों में इजाफा हो रहा है और ईंधन क्षेत्र को भी इसका फायदा मिल रहा है।

चीनी की महंगाई को पटेल ने ‘अल्पकालीन समस्या’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चीनी के मुद्दे पर जनता को भ्रमित करने के लिए दुष्प्रचार कर रहा है।

भाषा हर्ष जितेंद्र अविनाश रंजन

रंजन


लेखक के बारे में