‘शहरी नक्सल’ मानसिकता से प्रेरित लग रहीं विपक्ष की गतिविधियां विकास में बाधक: यादव
‘शहरी नक्सल’ मानसिकता से प्रेरित लग रहीं विपक्ष की गतिविधियां विकास में बाधक: यादव
भोपाल, 12 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को विपक्ष विशेषकर कांग्रेस, पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी गतिविधियां ‘शहरी नक्सल’ मानसिकता से प्रेरित दिखाई देती हैं, जो विकास में बाधक हैं।
यादव ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन ए सिन्हा और डॉ. आलोक कुमार द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘‘नक्सल मुक्त भारत’’ के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने निर्धारित समयसीमा के भीतर नक्सलवाद के उन्मूलन का लक्ष्य हासिल किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष, खासकर कांग्रेस की नीतियां लोगों को गुमराह कर रही हैं और उसके कामकाज में शहरी नक्सल मानसिकता दिखाई देती है, जो विकास में बाधक है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से पहले बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्र गंभीर नक्सलवाद से प्रभावित थे और लोगों को घरों से बाहर निकालकर उनके परिवारों के सामने मार दिया जाता था।
इस अवसर पर ‘‘वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ भारत की लंबी लड़ाई : नेतृत्व, सुशासन और राष्ट्र निर्माण’’ विषय पर परिचर्चा भी आयोजित की गई।
पुस्तक विमोचन और परिचर्चा का आयोजन रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनियों आरडीबी ग्रुप और प्राइमर्क ग्रुप ने सामाजिक पहल के तहत किया था।
प्राइमर्क ग्रुप के निदेशक और क्रेडाई (सीआरईडीएआई), बंगाल के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ पंसारी ने कहा कि यह भोपाल में सार्थक सार्वजनिक संवाद को बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता का पहला अध्याय है।
भाषा दिमो
रवि कांत संतोष
संतोष

Facebook


