‘डेयरी एनालॉग’ उत्पादों पर प्रतिबंध के बाद इंदौर में 1,800 किलोग्राम से ज्यादा खाद्य पदार्थ जब्त

‘डेयरी एनालॉग’ उत्पादों पर प्रतिबंध के बाद इंदौर में 1,800 किलोग्राम से ज्यादा खाद्य पदार्थ जब्त

‘डेयरी एनालॉग’ उत्पादों पर प्रतिबंध के बाद इंदौर में 1,800 किलोग्राम से ज्यादा खाद्य पदार्थ जब्त
Modified Date: August 12, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: August 12, 2026 9:43 pm IST

इंदौर, 12 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश में ‘डेयरी एनालॉग’ उत्पादों पर रोक के बाद प्रशासन ने बुधवार को इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए इस प्रतिबंधित श्रेणी में होने के संदेह में करीब 1,816 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

‘डेयरी एनालॉग’ ऐसे खाद्य पदार्थ होते हैं जिन्हें दूध की जगह वनस्पति वसा या अन्य गैर-दुग्ध सामग्री का इस्तेमाल करके तैयार किया जाता है।

अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के विभिन्न कारोबारी प्रतिष्ठानों और औद्योगिक संस्थानों से 800 किलोग्राम पनीर और 1,016 किलोग्राम मावा (खोया) व अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए।

अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण के दौरान पनीर बनाने वाली एक इकाई में मिलीं अनियमितताओं के कारण इसमें खाद्य पदार्थों के निर्माण का काम तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।

उन्होंने बताया कि ‘डेयरी एनालॉग’ उत्पाद होने के संदेह में जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं और जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश में उपभोक्ताओं को भ्रम और स्वास्थ्य जोखिमों से बचाने के लिए राज्य सरकार ने पनीर, मक्खन और मावा जैसे ‘डेयरी एनालॉग’ उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर बुधवार को तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।

छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और गुजरात ने भी हाल ही में ‘एनालॉग’ पनीर पर प्रतिबंध लगाया है।

भाषा हर्ष गोला

गोला


लेखक के बारे में