भाजपा-कांग्रेस के शासन में जनता परेशान, बेहतर विकल्प देगी आप : जितेंद्र तोमर
भाजपा-कांग्रेस के शासन में जनता परेशान, बेहतर विकल्प देगी आप : जितेंद्र तोमर
भोपाल, तीन अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के मध्यप्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कहा कि राज्य की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के शासन से परेशान है और उनकी पार्टी स्वच्छ एवं ईमानदार राजनीति के साथ बेहतर विकल्प देगी।
तोमर ने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से राघव चड्ढा को हटाए जाने के मुद्दे को ‘‘पार्टी का आंतरिक मामला’’ बताया।
आप ने बृहस्पतिवार को चड्ढा की जगह अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी है, जिसको लेकर शीर्ष नेतृत्व में मतभेद की अटकलें लगाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के आंतरिक मामलों पर बाहरी लोगों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। पार्टी अपनी आवश्यकता के अनुसार लोगों का उपयोग करती है।’’
मध्यप्रदेश में पार्टी की योजनाओं के बारे में तोमर ने कहा कि पिछले कई वर्षों से राज्य की जनता कांग्रेस और भाजपा के शासन में परेशान है और आप स्वच्छ एवं ईमानदार राजनीति स्थापित कर बेहतर विकल्प देने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य विधानसभा की सभी 230 सीट पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी।
उनके अनुसार, वर्तमान में आप 30-40 सीट पर मजबूत स्थिति में है और भविष्य में इसका प्रभाव 100 सीट तक बढ़ेगा।
तोमर ने यहां पार्टी के नए राज्य कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए मध्यप्रदेश को 13 जोन में विभाजित किया गया है और प्रत्येक जोन के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी जोन प्रभारी हर महीने कम से कम 10 दिन गांवों में बिताएंगे और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेंगे। पांच अप्रैल से प्रदेशभर में जोन स्तर के कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।’’
तोमर ने कहा कि पार्टी ‘‘अरविंद केजरीवाल मॉडल’’ को मध्यप्रदेश के हर घर तक पहुंचाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
भाषा दिमो संतोष
संतोष

Facebook


