चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन रोकने में विफल रहने पर थाना प्रभारी निलंबित

Ads

चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन रोकने में विफल रहने पर थाना प्रभारी निलंबित

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 12:21 AM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 12:21 AM IST

मुरैना, 12 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने में कथित विफलता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में एक महिला थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुरैना के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने सबलगढ़ थाना प्रभारी राजकुमारी परमार को तत्काल प्रभाव से बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया।

बयान में कहा गया है कि परमार पर अवैध रेत खनन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं करने, कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने तथा अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को अपेक्षित सहयोग नहीं देने के आरोप हैं।

इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है, जब चंबल क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। उच्चतम न्यायालय ने मुरैना जिले में आठ अप्रैल को वनरक्षक की कथित तौर पर रेत माफिया से जुड़े ट्रैक्टर से कुचलकर हुई मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया था।

उच्चतम न्यायालय ने 20 मई को मामले की सुनवाई के दौरान मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सरकारों को राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में अवैध रेत खनन तथा बिना पंजीकरण वाले वाहनों के संचालन को लेकर फटकार लगाई थी।

न्यायालय ने कहा था कि इस समस्या पर अंकुश लगाने के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं।

इस बीच, मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बृहस्पतिवार को मुरैना, भिंड और श्योपुर जिलों के अधिकारियों को अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चंबल संभाग के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ ऑनलाइन माध्यम से की गई बैठक के दौरान चंबल अभयारण्य तथा अन्य नदी क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘अवैध खनन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

देवरी चंबल घड़ियाल केंद्र के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अलग-अलग दल गठित किए गए हैं।

भाषा सं दिमो खारी

खारी

शीर्ष 5 समाचार