मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को
मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को
भोपाल, दो जुलाई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी, जिसके तहत 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि परिणाम तीन अगस्त को आएंगे।
पिछले चुनाव में दतिया से जीत हासिल करने वाले कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता खत्म होने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
भारती को आर्थिक अनियमितता से जुड़े एक मामले में अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद विधानसभा सचिवालय ने दतिया सीट खाली घोषित कर दी थी।
कांग्रेस नेता ने इस फैसले को न्यायालय में चुनौती दी है। हालांकि, उन्हें अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर उपचुनाव कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार, छह जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 13 जुलाई तक चलेगी।
आयोग के मुताबिक, 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 16 जुलाई नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी। उसने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया चार अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार भारती ने दतिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से पराजित किया था।
निर्वाचन आयोग ने दतिया के साथ ही बिहार और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की घोषणा की है।
भाषा
ब्रजेन्द्र पारुल
पारुल

Facebook


