आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा की टिप्पणी को लेकर मप्र में विरोध जारी, सरकार ने भेजा नोटिस

Ads

आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा की टिप्पणी को लेकर मप्र में विरोध जारी, सरकार ने भेजा नोटिस

  •  
  • Publish Date - November 26, 2025 / 11:30 PM IST,
    Updated On - November 26, 2025 / 11:30 PM IST

भोपाल, 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संतोष वर्मा की ओर से ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी का बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विरोध जारी रहा और इस दौरान उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने व सेवा से बर्खास्त करने की मांग की गई।

ब्राह्मण समाज के लोगों ने बुधवार को आईएएस अधिकारी वर्मा के खिलाफ नर्मदापुरम, ग्वालियर, बुरहानपुर, इटारसी, पिपरिया और रायसेन सहित अन्य क्षेत्रों में प्रर्दशन और नारेबाजी की तथा उनके पुतले जलाए।

वर्मा के खिलाफ राज्यभर में बढ़ते विरोध को देखते हुए मध्यप्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने उन्हें देर शाम कारण बताओ नोटिस जारी किया और पूछा कि क्यों न उनकी टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

नोटिस के मुताबिक उन्हें सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है और अगर वह इसमें विफल होते हैं तो उनके खिलाफ आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

‘पीटीआई-भाषा’ ने इस संबंध में वर्मा से संपर्क कर उनकी प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो सकी।

वर्मा ने 23 नवंबर को भोपाल में एक जनसभा में कहा था, ‘‘जब तक मेरे बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान न कर दे और वह उससे संबंध न बना ले, तब तक आरक्षण मिलना चाहिए।’’

उनके इस बयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

इस टिप्पणी के बाद ब्राह्मण समाज में आक्रोश फैल गया और पिछले कुछ दिन से राज्य के अलग-अलग इलाकों में वर्मा के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।

ग्वालियर में वरिष्ठ वकील अनिल मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील व ब्राह्मण समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो वे आंदोलन और तेज करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इसी बीच, ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि मामले की कानूनी जांच कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

मिश्रा ने कहा कि अगर तीन दिन में संतोष वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सत्ता पक्ष और प्रशासन की होगी।

नर्मदापुरम में ब्राह्मण समाज के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बुरहानपुर, इटारसी और पिपरिया सहित राज्य के अन्य इलाकों में भी ब्राह्मण समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर वर्मा की टिप्पणी पर रोष व्यक्त किया।

इससे पहले, मंगलवार को राजगढ़ जिले में भी लोगों ने प्रदर्शन किया था और वर्मा का पुतला फूंका था।

इसी दिन, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक नगर थाने के सामने प्रदर्शन किया और वर्मा के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी

खारी