‘शतक’ फिल्म को मध्यप्रदेश में किया गया करमुक्त

Ads

‘शतक’ फिल्म को मध्यप्रदेश में किया गया करमुक्त

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 11:25 AM IST

भोपाल, तीन मार्च (भाषा) हिंदी फिल्म ‘शतक : संघ के 100 वर्ष (2026)’ को मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य में मनोरंजन कर से मुक्त कर दिया है। यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की 100 वर्ष की यात्रा को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि फिल्म को राष्ट्रीय सेवा और मूल्यों की उस परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करमुक्त किया गया है, जिसे आरएसएस ने दशकों से जीवित रखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हिंदी फिल्म ‘शतक’ को पूरे मध्यप्रदेश में करमुक्त किया गया है। यह फिल्म राष्ट्रीय सेवा और मूल्यों की उस परंपरा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने दशकों से जीवित रखा है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म संगठित चिंतन, चरित्र निर्माण और सेवा भाव के माध्यम से सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश देती है।

फिल्म में संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के नागपुर में बाल्यकाल, ‘अनुशीलन समिति’ से जुड़ाव और वर्ष 1925 में संगठन की स्थापना से जुड़े घटनाक्रम को दर्शाया गया है।

फिल्म में दादरा और नगर हवेली की मुक्ति तथा 1948 के कश्मीर संकट जैसे प्रसंगों का भी उल्लेख है।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन आशीष माल ने किया है और इसका निर्माण वीर कपूर ने किया है। यह फिल्म 19 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है ।

भाषा दिमो मनीषा वैभव

वैभव