Reported By: Vijay Kumar Verma
,Singrauli Murder News | Photo Credit: IBC24
सिंगरौली: Singrauli Murder News मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में हुए नाबालिग लड़के की हत्या को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। युवक की शव मिलते ही परिजनों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इस मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, घटना से नाराज लोगों की भीड़ थाने के सामने पहुंच गई और जमकर हंगामा किया। साथ ही एक आरोपी के घर के सामने खड़ी कार को भी आक्रोशित लोगों ने आग के हवाले कर दिया है। आग लगने से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
Singrauli Murder News मिली जानकारी के अनुसार, मामला मोरवा थाने क्षेत्र का है। जहां सिगरेट पीने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के ही दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि साईं नगर निवासी पवन शाह 9 मार्च की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए देर रात मोरवा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार को मोरवा-चितरंगी मार्ग के किनारे झाड़ियों में पवन का शव मिला था। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सुधांशु गुप्ता, पवन को अपनी बाइक पर शराब पिलाने के बहाने घर से ले गया था। रास्ते में उनका दूसरा साथी इरशाद खान भी मिल गया। तीनों एक सुनसान स्थान पर पहुंचे, जहां आरोपियों ने पहले पवन का गला दबाया और फिर पत्थर से हमला कर उसकी जान ले ली।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि होली के दिन सिगरेट पीने की बात को लेकर पवन और सुधांशु के बीच तीखी बहस हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों सुधांशु गुप्ता और इरशाद खान को हिरासत में ले लिया है, जिन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पवन की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग मोरवा थाने के सामने जमा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।