सीबीआई टीम जांच के सिलसिले में त्विषा शर्मा के भोपाल स्थित ससुराल पहुंची
सीबीआई टीम जांच के सिलसिले में त्विषा शर्मा के भोपाल स्थित ससुराल पहुंची
भोपाल, 26 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक टीम पूर्व मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत के मामले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को भोपाल स्थित उनके ससुराल पहुंची। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कुछ महिला कर्मियों समेत सीबीआई की टीम कटारा हिल्स इलाके में स्थित सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। इस दौरान कई मीडियाकर्मी भी वहां पहुंचे, लेकिन उन्हें घर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
सीबीआई ने सोमवार को त्विषा शर्मा की मौत के मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। त्विषा का शव 12 मई को भोपाल स्थित उसके ससुराल में कथित तौर पर फंदे से लटका मिला था। एजेंसी ने त्विषा के वकील पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीबीआई ने जांच अपने हाथ में लेने के बाद विशेष अपराध इकाई की एक टीम भोपाल भेजी है, जो मामले से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य जुटा रही है।
एजेंसी ने राज्य पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी को प्रक्रिया के तहत अपने मामले के रूप में पुनः दर्ज किया है, जिसमें समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई ने राज्य पुलिस से जांच अपने हाथ में लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु के लिए दंड), 85 (पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ क्रूरता) और 3(5) (साझा इरादा) के अलावा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
भोपाल पुलिस ने त्विषा की मौत के दो दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की थी।
त्विषा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाह के समय दिए गए दहेज से असंतुष्ट ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर मानसिक उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और त्विषा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
हालांकि, त्विषा की सास गिरिबाला सिंह ने कई मीडिया साक्षात्कारों में त्विषा की मानसिक स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं।
समर्थ सिंह को 10 दिन तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
इस बीच, दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की एक टीम ने मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर रविवार को भोपाल में त्विषा का पुन: पोस्टमार्टम किया। त्विषा के माता-पिता ने स्थानीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया था।
भाषा दिमो
खारी
खारी

Facebook


