छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा : सिंधिया

Ads

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा : सिंधिया

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 04:32 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 04:32 PM IST

ग्वालियर, 24 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र लीक के मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए सरकार त्वरित अदालतें स्थापित करेगी।

ग्वालियर में संवाददाताओं से बातचीत में सिंधिया ने नीट प्रश्न पत्र लीक की घटना को ‘गलत’ बताते हुए कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के हितों की रक्षा करना हर सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-यूजी 2026 के प्रश्न पत्र लीक, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा अन्य परीक्षाओं के संचालन में व्यापक सुधारों की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) और कई छात्र संगठनों के बैनर तले जून की शुरुआत से ही नयी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं।

सिंधिया ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘छात्रों का कल्याण देश के भविष्य से जुड़ा है। अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। त्वरित अदालतें त्वरित न्याय सुनिश्चित करेंगी और दोषियों को शीघ्र सजा मिलेगी। जो भी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करेगा, उसे कड़ी सजा दी जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि छात्र केवल अपने लिए नहीं, बल्कि देश के भविष्य के लिए भी दिन-रात मेहनत करते हैं और उनके हितों की रक्षा करना हर सरकार का दायित्व है।

केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया 30 जुलाई को होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार करने दतिया रवाना हो रहे थे।

उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी उपचुनाव में ‘भारी बहुमत’ से जीत दर्ज करेंगे।

सिंधिया ने कहा, ‘‘यह चुनाव विकास के मुद्दे पर केंद्रित है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विकास के लिए काम करती रहेगी। दतिया की जनता हमारा पूरा समर्थन करेगी।’’

भाषा

सं, दिमो रवि कांत रवि कांत