भोपाल, 24 मई (भाषा) देश की राजधानी दिल्ली में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों की एक टीम ने रविवार को मॉडल-अभिनेत्री त्विषा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम पूरा लिया।
दिल्ली एम्स के चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने रविवार अपराह्न त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया था। इसके कुछ ही देर बाद परिजन ने अंतिम संस्कार आज भोपाल में ही किए जाने की जानकारी दी।
त्विषा के परिजन के वकील अंकुर पांडे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत के दौरान कहा कि दूसरे पोस्टमार्टम की शुरुआत से पहले त्विषा के भाई और भाभी ने उसके शव की पहचान की।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम अपराह्न करीब 3:40 बजे पूरा हुआ।
इससे पहले, शव का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू होने के तत्काल बाद त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को भेजे एक संदेश में बताया कि रविवार शाम पांच बजे राजधानी भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में त्विषा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘आज एक बेटी, एक बहन, एक मित्र को हम अंतिम विदाई देने जा रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘जिस बेटी ने सपनों के साथ जीवन की नयी शुरुआत की थी, वह असमय हम सबको छोड़कर चली गई। माता-पिता की नम आंखें, टूटे हुए सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीत रहा हर क्षण हमारे समाज के लिए एक मौन प्रश्न है।’
त्विषा के परिजन ने राजधानी भोपाल के नागरिकों, समाजसेवियों, माताओं, बहनों, युवाओं तथा संवेदनशील नागरिकों से त्विषा की अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘इसमें शामिल होकर उसकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें तथा शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हों।’
उन्होंने कहा, ‘आज जब त्विषा पंचतत्व में विलीन होगी, तब केवल एक परिवार नहीं रोएगा, बल्कि हर वह हृदय व्यथित होगा जो बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय में विश्वास रखता है।’
इससे पहले, त्विषा के परिवार ने बोर्ड से बहु-विषयक फोरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल दृष्टिकोण अपनाने और उन मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करने का आग्रह किया जिनके बारे में उसने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे।
भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को ससुराल वालों के मकान में त्विषा (33) का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, त्विषा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि उसे नशे की लत थी।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने दूसरे पोस्टमार्टम के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों की चार सदस्यीय टीम का गठन किया था। यह मेडिकल टीम शनिवार को भोपाल पहुंची थी।
इस बीच, पुलिस त्विषा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ कर रही है, जिसे शुक्रवार को जबलपुर में गिरफ्तार किया गया था। वह 10 दिन से फरार था।
भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं 80 (2), 85 और 3 (5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। भाषा ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब