पत्नी के आत्महत्या करने के दो दिन बाद युवक ने भी जान दी
पत्नी के आत्महत्या करने के दो दिन बाद युवक ने भी जान दी
ग्वालियर, 23 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में एक नवविवाहिता द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के दो दिन बाद उसके पति ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुरार क्षेत्र निवासी ज्योति तोमर (23) ने 20 मई को अपने मायके में कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
ज्योति की शादी 25 अप्रैल को गोला का मंदिर क्षेत्र निवासी सिद्धार्थ कंडिल (26) से हुई थी।
नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सोनी ने कहा, ‘‘पत्नी की आत्महत्या की जानकारी मिलने के दो दिन बाद शुक्रवार को सिद्धार्थ ने अपने घर के स्नानघर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।’’
उन्होंने बताया कि अब तक महिला के परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
सोनी ने कहा, ‘‘सिद्धार्थ ने पहले पुलिस से बातचीत की थी और वह ज्योति की मौत से बेहद व्यथित दिखाई दे रहा था। दोनों परिवार आत्महत्या के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।’’
पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी ने बताया कि दंपति के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी

Facebook


