भोपाल, पांच मार्च (भाषा) पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के भोपाल मंडल में चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से फरवरी के बीच बिना टिकट और अनियमित यात्रा के करीब 5.7 लाख मामलों में यात्रियों से 36.30 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि इस अवधि में टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 5,69,623 मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि इनमें बिना टिकट यात्रा के 2,79,940 मामले, अनुचित टिकट के साथ यात्रा करने के 2,86,997 मामले और बिना बुकिंग कराए सामान ले जाने के 2,686 मामले शामिल हैं।
अग्रवाल ने बताया कि इन मामलों में रेलवे ने यात्रियों से कुल 36.30 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया।
उन्होंने बताया कि फरवरी महीने में ही टिकट जांच अभियान के दौरान 49,674 मामले सामने आए।
इनमें बिना टिकट यात्रा के 23,431 मामले, अनुचित टिकट के 25,971 मामले तथा बिना बुक कराए सामान ले जाने के 272 मामले शामिल हैं।
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि फरवरी में ही इस कार्रवाई से भोपाल मंडल को 3.10 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
भाषा दिमो जोहेब
जोहेब