महाराष्ट्र के 114 पर्यटक नेपाल में फंसे, 53 के सुरक्षित होने की पुष्टि
महाराष्ट्र के 114 पर्यटक नेपाल में फंसे, 53 के सुरक्षित होने की पुष्टि
मुंबई, 27 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के कम से कम 114 पर्यटकों के बाढ़ प्रभावित नेपाल में फंसे होने का अनुमान है, जिनमें से 53 सुरक्षित पाए गए हैं। राज्य के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।
राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि लगभग 61 लोग यात्रा एजेंसी, ‘रिचा टुअर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए नेपाल की यात्रा कर रहे थे, जबकि बाकी लोग स्वतंत्र रूप से यात्रा कर रहे थे।
राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, फंसे हुए 114 पर्यटकों में से 53 के सागा मानसरोवर इलाके में सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है।
बुधवार को नेपाल के तीन जिलों में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इसमें 165 लोगों की मौत हो गई और 300 से अधिक भारतीय पर्यटकों समेत कई लोग लापता हैं। यह हाल के वर्षों में नेपाल की सबसे भीषण आपदाओं में से एक है।
एसईओसी ने बताया कि वह रिचा टुअर्स प्राइवेट लिमिटेड के संपर्क में है। साथ ही, वह नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्रालय के ‘इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम-इमरजेंसी रिस्पॉन्स’ के साथ भी तालमेल बिठा रहा है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे नेपाल में फंसे अपने रिश्तेदारों या अन्य लोगों के बारे में जानकारी विभाग को दें। विभाग ने एक हेल्पलाइन डेस्क भी बनाया है और लोगों से जानकारी देने का आग्रह किया है, ताकि तालमेल और मदद में आसानी हो सके।
एसईओसी ने नेपाल में फंसे लोगों की जानकारी जुटाने के लिए एक वेब आधारित लिंक जारी किया है और इसे मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया है। वहीं, जिला कलेक्टरों को भी जानकारी जुटाकर उसका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बुधवार को बताया कि मंत्रालय में 24 घंटे चलने वाला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नेपाल में फंसे या किसी अन्य तरह की सहायता की जरूरत वाले महाराष्ट्र के लोग आपदा प्रबंधन विभाग की हेल्पलाइन के जरिए संपर्क कर सकते हैं।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


