महाराष्ट्र में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, शिवसेना पार्षद समेत 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज

Ads

महाराष्ट्र में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, शिवसेना पार्षद समेत 16 लोगों पर मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 17, 2026 / 08:43 AM IST,
    Updated On - July 17, 2026 / 08:43 AM IST

हिंगोली, 17 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में गोली लगने से 38 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शिवसेना के एक पार्षद और 15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार रात कलमनुरी कस्बे में हुई।

पुलिस के मुताबिक, एक पुराने झगड़े को लेकर लोगों के एक समूह के साथ हुई मारपीट में लुकमान सिद्दीकी को गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि बाद में चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इस समूह में शिवसेना पार्षद किशोर भालेराव भी शामिल थे।

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हमले के दौरान कितनी गोलियां चलाई गईं, इसकी जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि भालेराव और 15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।

इस बीच, कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “महाराष्ट्र में कानून का राज खत्म हो गया है। सत्ता के बल पर गुंडागर्दी को खुला संरक्षण मिल रहा है। सत्ता में बैठे लोगों की छत्रछाया में अपराधी बेखौफ हैं, जबकि आम नागरिक डरे हुए हैं। महायुति सरकार ने महाराष्ट्र को गुंडों के हवाले कर दिया है।”

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, सत्ताधारी महायुति गठबंधन का हिस्सा है, जिसमें भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी शामिल हैं।

भाषा प्रशांत गोला

गोला