त्रिशूर (केरल), 17 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं अभिनेता सुरेश गोपी के नाम का कथित तौर पर दुरुपयोग कर फर्जी कास्टिंग कॉल से जुड़ी पोस्ट ऑनलाइन प्रसारित करने के संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गोपी की शिकायत के आधार पर त्रिशूर साइबर पुलिस ने 14 जुलाई को मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोपी ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया मंच पर प्रोड्यूसर लिस्टिन स्टीफन से जुड़ी एक नयी फिल्म के लिए एक असली कास्टिंग कॉल संबंधी पोस्ट साझा की थी।
पुलिस ने बताया कि हालांकि इससे पहले, त्रिशूर के सांसद के नाम से सोशल मीडिया पर गोपी की तस्वीर वाला एक फर्जी कास्टिंग कॉल से जुड़ा पोस्ट व्यापक रूप से प्रसारित हुआ था, जिसमें फिल्म में अभिनय करने के इच्छुक पुरुषों और महिलाओं से एक मोबाइल नंबर पर अपनी तस्वीरें भेजने को कहा गया था।
कास्टिंग कॉल एक ऐसी औपचारिक घोषणा है जिसमें अभिनेताओं को फिल्म, टीवी, थिएटर या अन्य मनोरंजन माध्यमों में विभिन्न भूमिकाओं के लिए कलाकारों को ऑडिशन के बारे में सूचित किया जाता है।
फर्जी पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि 15 और 16 जुलाई को साक्षात्कार होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि फर्जी पोस्ट के बारे में पता चलने के बाद गोपी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि फर्जी कास्टिंग कॉल में दिए गए मोबाइल नंबर का पता लगाकर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी की पहचान करके उससे पूछताछ की जाएगी।
भाषा प्रशांत गोला
गोला