लोनावला में 19 वर्षीय छात्रा ने खाई में कूदकर आत्महत्या की

Ads

लोनावला में 19 वर्षीय छात्रा ने खाई में कूदकर आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 04:49 PM IST

मुंबई, चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के लोनावला पर्यटन स्थल पर एकल यात्रा (सोलो ट्रिप) पर गई 19 वर्षीय एक विधि छात्रा ने गहरी खाई में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान नवी मुंबई निवासी श्रिया पाती के रूप में हुई है। वह ठाणे जिले के कल्याण स्थित एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रही थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता मौके से बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच के बाद ही चलेगा।’

अधिकारी के अनुसार, छात्रा 30 जनवरी की सुबह अपने माता-पिता से एकल यात्रा पर जाने और शाम तक लौटने की बात कहकर घर से निकली थी।

इस दौरान वह लोनावला के पास प्रसिद्ध ‘ड्यूक नोज’ गई और फिर दूसरे पर्यटन स्थल ‘टाइगर पॉइंट’ पर पहुंची, जहां से उसने कथित तौर पर खाई में छलांग लगा दी।

टाइगर पॉइंट पर चाय की दुकान चलाने वाले स्थानीय निवासी विजय भालेराव को अपनी दुकान के पीछे एक बैग मिला, जिसमें छात्रा का पहचान पत्र था।

उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचित किया और पुलिस को भी जानकारी दी। सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने स्थानीय बचाव दलों और ड्रोन की मदद से तलाश अभियान शुरू किया और शव को करीब 300 फुट गहरी खाई से बरामद किया। शव को 31 जनवरी को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि घटना के सिलसिले में लोनावला ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता सुभाष

सुभाष