महाराष्ट्र के तीन जिलों में अवैध शराब बनाने-बेचने के आरोप में 213 लोग गिरफ्तार
महाराष्ट्र के तीन जिलों में अवैध शराब बनाने-बेचने के आरोप में 213 लोग गिरफ्तार
ठाणे, तीन जून (भाषा) पुणे में जहरीली शराब पीने से कम से कम 15 लोगों की मौत के बाद महाराष्ट्र के आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए पांच दिनों के भीतर 213 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इन लोगों को राज्य के तीन तटीय जिलों से अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुणे की घटना के बाद आबकारी विभाग ने तटीय कोंकण क्षेत्र में अवैध शराब इकाइयों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है और इस संबंध में 313 मामले दर्ज किए हैं।
उन्होंने बताया कि ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों से कुल 213 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कोंकण के संभागीय उपायुक्त (आबकारी) प्रदीप पवार ने कहा, ‘राज्य के वरिष्ठ आबकारी अधिकारियों के निर्देश पर 29 मई से 2 जून के बीच इन तीनों जिलों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध शराब निर्माण और बिक्री के अड्डों पर छापेमारी की गई और 1.58 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।’
उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग की दलों ने तीनों जिलों के चिन्हित संवेदनशील इलाकों में दर्जनों अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया है। इनमें ठाणे जिले में खाड़ी के किनारे और दूरदराज के इलाके तथा पालघर व रायगढ़ के वे क्षेत्र शामिल हैं जो अवैध शराब उत्पादन के लिए कुख्यात हैं।
पवार ने कहा, ‘अभियान के दौरान अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले आठ वाहनों को भी जब्त किया गया है।’
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


