(फोटो के साथ)
मुंबई, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए शनिवार को लगभग 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
यह मतदान मूल रूप से पांच फरवरी को होना था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
एक अधिकारी ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे तक 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि सटीक मतदान प्रतिशत की घोषणा रविवार को की जाएगी।
मतगणना नौ फरवरी को होगी, जिसके बाद आदर्श आचार संहिता हटा ली जाएगी।
रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर जिलों में मतदान हुआ। इस चुनाव में 731 जिला परिषद सीट के लिए कुल 2624 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, राकांपा (शरदचंद्र पवार) नेता जयंत पाटिल और रोहित पवार शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे, जिन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सुनेत्रा पवार ने अपने बड़े बेटे पार्थ पवार के साथ बारामती के काटेवाड़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में वोट डाला।
उन्होंने राज्य भर के नागरिकों से उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों धड़ों के संभावित एकीकरण की अटकलों के बीच इन चुनावों पर नजरें टिकी हुई हैं।
दोनों गुट पिछले दो साल की प्रतिद्वंद्विता को किनारे रखकर पुणे, सातारा, सोलापुर और सांगली में स्थानीय निकाय चुनाव एक अनौपचारिक गठबंधन के तहत लड़े। इन क्षेत्रों में दोनों पक्षों के उम्मीदवार मूल ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे।
कुल 2,624 उम्मीदवार 731 जिला परिषद सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 369 सीट महिलाओं के लिए, 83 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।
इसी तरह 4,814 उम्मीदवार 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए मैदान में हैं। इनमें 731 सीट महिलाओं के लिए, 166 अनुसूचित जाति, 38 अनुसूचित जनजाति और 342 ओबीसी के लिए आरक्षित हैं।
मतदाता सूची में 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और अन्य श्रेणी के 468 मतदाता शामिल हैं। कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए लगभग 1.28 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है।
भाषा आशीष माधव
माधव