महाराष्ट्र में एसआईआर के तहत 87.79 फीसदी गणना प्रपत्र वितरित किए गए, 60.44 प्रतिशत का डिजिटलीकरण
महाराष्ट्र में एसआईआर के तहत 87.79 फीसदी गणना प्रपत्र वितरित किए गए, 60.44 प्रतिशत का डिजिटलीकरण
मुंबई, 26 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में मतदाता सूची में सुधार के लिए जारी ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के तहत मतदाता केंद्रित गणना प्रपत्र में से 87.79 प्रतिशत का वितरण किया जा चुका है और 60.44 प्रतिशत प्रपत्र का डिजिटलीकरण भी हो चुका है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के बुलेटिन के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के तहत गणना चरण 30 जून से आठ अगस्त तक चलेगी।
कुल 9,78,54,049 मतदाताओं के सापेक्ष 8,59,05,005 गणना प्रपत्र बांटे गए हैं, जबकि 5,91,42,624 प्रपत्र का डिजिटलीकरण किया गया है।
इसमें कहा गया है कि यह प्रक्रिया एक लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा की जा रही है।
इसमें बताया गया है कि हिंगोली जिले में सबसे अधिक 99.98 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए गए, इसके बाद जलगांव (99.91 प्रतिशत), बुलढाणा (99.81 प्रतिशत), अमरावती (99.77 प्रतिशत), वर्धा (99.76 प्रतिशत) और सिंधुदुर्ग (99.73 प्रतिशत) का स्थान रहा।
प्रमुख शहरी जिलों में, ठाणे में 67.97 प्रतिशत प्रपत्र का वितरण किया गया और 27.56 प्रतिशत प्रपत्र का डिजिटलीकरण दर्ज किया गया; मुंबई उपनगर में यह 67.79 प्रतिशत प्रपत्र का वितरण किया गया और 28.72 प्रतिशत प्रपत्र का डिजिटलीकरण दर्ज किया गया। इसी तरह मुंबई शहर में 72.37 प्रतिशत प्रपत्र का वितरण किया गया और 38.88 प्रतिशत प्रपत्र का डिजिटलीकरण किया गया। पुणे में प्रपत्र वितरण का आंकड़ा 70 प्रतिशत रहा, जबकि 45.04 प्रतिशत प्रपत्र का डिजिटलीकरण दर्ज किया गया।
मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ सत्यापित करने के लिए एसआईआर की जा रही है।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


