ठाणे की एक ऊंची इमारत में आग लगी, 80 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
ठाणे की एक ऊंची इमारत में आग लगी, 80 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
ठाणे, 26 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में रविवार को 16 मंजिला एक आवासीय इमारत की विद्युत डक्ट में आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आपातकालीन दलों ने समय रहते सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, शिलफाटा क्षेत्र स्थित इमारत से 70 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, लिफ्ट में फंसे एक व्यक्ति को दमकल कर्मियों और आपदा प्रबंधन दल ने सकुशल बचा लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि ‘सनराइज ग्लोरी’ अपार्टमेंट में सुबह करीब 9:20 बजे आग लगने की सूचना मिली।
ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया, ‘सोलह मंजिला इमारत की पहली से छठी मंजिल तक फैली विद्युत डक्ट में आग लगी। इससे घना धुआं गलियारों और सीढ़ियों में भर गया, जिससे निवासी घबरा गए।’
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग, बिजली कंपनी के कर्मचारी और अन्य आपातकालीन दल मौके पर पहुंच गए।
तडवी ने कहा कि बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण छठी मंजिल पर लिफ्ट में फंसे निवासी फिरोज खान को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि विभिन्न मंजिलों पर रह रहे 70 से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। खान को बिना किसी चोट के लिफ्ट से बाहर निकाल लिया गया। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विद्युत डक्ट में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। एहतियात के तौर पर इमारत की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


