भिवंडी में एक रासायनिक गोदाम में आग लगी; कोई घायल नहीं

Ads

भिवंडी में एक रासायनिक गोदाम में आग लगी; कोई घायल नहीं

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 01:52 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 01:52 PM IST

ठाणे, 21 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक रासायनिक गोदाम में मंगलवार सुबह आग लग गई, जिसके बाद आग बुझाने के लिए तीन घंटे तक अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भिवंडी के खाडीपार इलाके में एक गोदाम में सुबह नौ बजकर करीब 30 मिनट पर लगी आग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग लगने से इलाके में दुर्गंधयुक्त धुएं के घना गुबार छा गया।

उन्होंने बताया कि भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका (बीएनएमसी) की दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और मध्याह्न 12:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना में अब तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के सटीक कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है।’’

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी दूरी से धुएं और आग के घने गुबार दिखाई दे रहे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दूर से ही घना धुआं और आग की लपटें देखी जा सकती थीं। गोदाम में रखे रसायनों के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी।’’

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अग्निशमन दलों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा और अपर्याप्त जल आपूर्ति के कारण इसमें अधिक दिक्कतें हुईं।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा