ठाणे, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नवी मुंबई इलाके में हंगामा कर रहे एक व्यक्ति ने उस समय एक पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर मारपीट की जब पीड़ित ने उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक महिला द्वारा उस व्यक्ति (आरोपी) के खिलाफ शिकायत करने के बाद सोमवार शाम रबाले एमआईडीसी (महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम) थाने से संबंधित एक पुलिस कर्मी को भीम नगर जाने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष से फोन आया।
जब पुलिसकर्मी वहां पहुंचा और महिला द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात की तो वह व्यक्ति नाराज हो गया।
रबाले एमआईडीसी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पुलिसकर्मी का कथित तौर पर कॉलर पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर, उस व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
भाषा
योगेश अविनाश
अविनाश