मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत की जांच पर अपनी अंतिम रिपोर्ट अगले वर्ष जनवरी तक प्रस्तुत करने की उम्मीद है।
इस वर्ष 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के निकट उनके ‘लियरजेट 45’ विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एएआईबी ने इस हादसे की जांच शुरू की थी।
विधानसभा में विपक्ष द्वारा पिछले सप्ताह लाये गये स्थगन प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि एएआईबी से उम्मीद है कि वह इस मामले में अपनी अंतिम जांच रिपोर्ट अगले वर्ष जनवरी तक सौंप देगा।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पहले ही प्राप्त हो चुकी है और जांचकर्ताओं ने विमान के ब्लैक बॉक्स से प्राप्त आंकड़ों समेत डिजिटल साक्ष्यों को फिर से हासिल किया है।
फडणवीस ने कहा, ‘‘सरकार किसी भी निर्णय से पहले एएआईबी की अंतिम जांच रिपोर्ट और उसके निष्कर्षों का इंतजार करेगी।’’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विमान दुर्घटनाओं की जांच एक वैज्ञानिक प्रक्रिया होती है, जिसे पूरा होने में अक्सर कई वर्ष लग जाते हैं।
फडणवीस ने एएआईबी की जांच का जिक्र करते हुए कहा कि जांच के दौरान बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों और शेयर बाजार के लेन-देन समेत वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई, लेकिन अब तक इनमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा चुका है और सरकार अंतिम जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही कोई कार्रवाई करेगी।
विपक्ष, खासकर राकांपा (शप) के विधायक रोहित पवार इस घटना की कई विशेषज्ञ एजेंसियों से जांच कराने की मांग करते रहे हैं। उन्होंने मामले में अनियमितताओं और विसंगतियों का आरोप लगाया है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश