पुणे, 10 जुलाई (भाषा) पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पहले टर्म के एक कैडेट ने शुक्रवार सुबह नियमित शारीरिक प्रशिक्षण के दौरान तबीयत खराब होने की शिकायत की, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। यहां रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के कार्यालय ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश में कानपुर के रहने वाले कैडेट अभिनव बाजपेयी (17) ने 24 जून 2026 को पुणे शहर के पास खड़कवासला स्थित इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान में दाखिला लिया था।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अकादमी में शामिल होने के बाद पहली आधिकारिक पीटी परेड के दौरान सुबह नियमित शारीरिक प्रशिक्षण के समय अभिनव ने तबीयत खराब होने की शिकायत की और अचानक बेहोश हो गया।
बयान में कहा गया है कि इसके बाद अभिनव को तुरंत खड़कवासला सैन्य अस्पताल ले जाया गया। सभी प्रयासों के बावजूद अभिनव को बचाया नहीं जा सका।
बयान में कहा गया है कि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ (सीओआई) के आदेश दिए गए हैं।
बयान के अनुसार मृतक कैडेट के परिजनों और पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
बयान में कहा गया है, “राष्ट्रीय रक्षा अकादमी इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है।”
करीब सात दशक पहले स्थापित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के अधिकारियों के रूप में भर्ती होने वाले कैडेटों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश