अभिनेता आमिर, ऋतिक पीजीआई की नई प्रबंध परिषद में शामिल, शिबाशीष सरकार गिल्ड के फिर अध्यक्ष बने
अभिनेता आमिर, ऋतिक पीजीआई की नई प्रबंध परिषद में शामिल, शिबाशीष सरकार गिल्ड के फिर अध्यक्ष बने
मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) शिबाशीष सरकार को लगातार पांचवें साल सर्वसम्मति से प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (पीजीआई) का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, अभिनेता आमिर खान, अनिल कपूर और ऋतिक रोशन को पीजीआई की नई प्रबंध परिषद में शामिल किया गया है।
पीजीआई की मंगलवार को 72वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में नई प्रबंध परिषद का गठन किया गया, जिसके बाद परिषद की पहली ही बैठक में शिबाशीष सरकार को फिर से अध्यक्ष चुना गया।
सरकार ने एक बयान में कहा, ‘पांचवें वर्ष अध्यक्ष चुने जाने पर मैं अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं अपनी प्रबंध परिषद के सहयोगियों के साथ उद्योग के सामने आने वाले अवसरों और चुनौतियों दोनों से निपटने के लिए पीजीआई के सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।’
फिल्म निर्माता करण जौहर, राजकुमार हिरानी, रितेश सिधवानी, आशुतोष गोवारिकर और जोया अख्तर भी प्रबंध परिषद में शामिल किया गया है। अन्य सदस्यों में पल्लब भट्टाचार्य, राजन शाही, शरद पटेल, सिद्धार्थ रॉय कपूर, उत्पल आचार्य और विशेष भट्ट शामिल हैं।
पीजीआई की मौजूदा नेतृत्व टीम, जिसमें उपाध्यक्ष आशीष सिंह, अंकुर गर्ग, मधु भोजवानी और मनीष गोस्वामी शामिल हैं, अपने पदों पर बने रहेंगे। इसके अलावा सुशीलकुमार अग्रवाल और हिरेन गड़ा को भी नए उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


