अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर मिली धमकी

अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर मिली धमकी

अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर मिली धमकी
Modified Date: July 18, 2026 / 04:32 pm IST
Published Date: July 18, 2026 4:32 pm IST

मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को जेल में बंद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़े होने का दावा करने वाले तत्वों द्वारा कथित तौर पर धमकी दी गई है। उन पर कथित रूप से ‘‘लव जिहाद’’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने कहा, ‘‘हम संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और ध्वनि संदेश की बारीकी से जांच कर रहे हैं।’’

हालांकि, इस कथित धमकी को लेकर अब तक आमिर खान या उनके किसी प्रतिनिधि की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने इंटरनेट पर प्रसारित हो रहे एक संदेश के संदर्भ में कहा कि कथित धमकी सोशल मीडिया पोस्ट और उसके साथ संलग्न एक ध्वनि संदेश के माध्यम से दी गई है। उन्होंने कहा कि इसे कथित तौर पर आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई नाम के दो युवकों द्वारा साझा किया गया है, जिन्होंने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी बताया है।

धमकी देने वालों ने आमिर खान पर ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। यह आरोप हाल ही में गौरी स्प्रैट के साथ अभिनेता के तीसरे विवाह से जोड़कर लगाया गया है। संदेश में चेतावनी दी गई है कि इस तरह के आचरण को बढ़ावा देने वालों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

संबंधित ध्वनि संदेश में राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 13 वर्षीय एक किशोरी के कथित अपहरण, मानव तस्करी और यौन उत्पीड़न के हालिया मामले का भी जिक्र किया गया है। साथ ही राजनीतिक नेताओं को इस मामले के किसी भी आरोपी को संरक्षण न देने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, धमकी से जुड़े इन दावों की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

बिश्नोई और उसका आपराधिक गिरोह वर्षों से अभिनेता सलमान खान को भी धमकी देता रहा है। वर्ष 1998 में राजस्थान में हुए काले हिरण के शिकार के मामले से शुरू हुआ विवाद वर्ष 2024 में मुंबई में सलमान खान के आवास पर हुई गोलीबारी, लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्ज हुए मुकदमों तक पहुंच चुका है।

भाषा

सुमित नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में