महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के किराये में 13.56 प्रतिशत वृद्धि
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के किराये में 13.56 प्रतिशत वृद्धि
मुंबई, 17 जुलाई (भाषा)महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बसों के किराये में 13.56 प्रतिशत वृद्धि को राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) ने मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि डीजल की बढ़ती कीमतों और अन्य कारणों के चलते किराया बढ़ाया गया है और नयी दरें 17-18 जुलाई की मध्यरात्रि से लागू होंगी।
एमएसआरटीसी देश की सबसे बड़ी सरकारी बस सेवा संस्थाओं में से एक है और इसके पास 14,000 से अधिक बसें हैं। हर दिन 55 लाख से ज्यादा यात्री इसकी बस सेवाओं का उपयोग करते हैं।
निगम ने एक बयान में कहा कि साधारण बसों पर लागू 10 प्रतिशत मौसमी किराया बढ़ोतरी वापस ले ली जाएगी। 15 जुलाई को निगम ने इस मौसमी किराया बढ़ोतरी को महीने के अंत तक बढ़ाने का फैसला किया था।
बयान में कहा गया है कि खाड़ी क्षेत्र की भू-राजनीतिक स्थिति के कारण डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, कर्मचारियों के भत्तों पर बढ़ा खर्च, और कलपुर्जों, टायर तथा वाहनों के रखरखाव की लागत बढ़ने के कारण किराये में संशोधन को मंजूरी दी गई।
बयान में कहा गया है कि निगम की वित्तीय स्थिति को ठीक बनाए रखने के लिए किराया बढ़ाना जरूरी था।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष

Facebook


