पालघर के अर्नाला तट के पास पर दो नाबालिग लड़कों की डूबने से मौत
पालघर के अर्नाला तट के पास पर दो नाबालिग लड़कों की डूबने से मौत
पालघर, 17 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल अर्नाला तट के पास तेज लहरों की चपेट में आकर दो नाबालिग दोस्तों की अरब सागर में डूबने से मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिला प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान अयान जकीर हुसैन और शोएब के रूप में हुई है। दो दिन तक चले खोज अभियान के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। दोनों 17 वर्ष के थे।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मराम्बल पाडा जेटी के पास समुद्र से शोएब का शव निकाला गया। इससे पहले सुबह अर्नाला किले के पास चलाए गए समन्वित तलाशी अभियान में हुसैन का शव बरामद किया गया था।
प्रशासन के अनुसार, हादसा बृहस्पतिवार दोपहर उस समय हुआ, जब चार नाबालिग दोस्त समुद्र में तैरने गए थे। तेज बहाव के कारण वे लहरों की चपेट में आ गए और बहने लगे।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय जीवनरक्षकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो लड़कों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन हुसैन और शोएब तेज लहरों में बह गए।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


