लातूर (महाराष्ट्र), 19 अगस्त (भाषा) धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में पिछले दो साल से फरार 42 वर्षीय व्यक्ति को महाराष्ट्र के लातूर जिले से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी की पहचान बीड जिले के निवासी शामराव उर्फ श्यामसुंदर वैजनाथ जाधव के रूप में हुई है। उसने एक व्यक्ति से धोखाधड़ी करने के लिए अन्य लोगों के साथ मिलकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों में कथित तौर पर हेरफेर की थी।
एमआईडीसी लातूर पुलिस ने वर्ष 2024 में श्यामसुंदर के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने उसके खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया था।
विज्ञप्ति के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार आरोपी को 15 अगस्त को रेनापुर तहसील के गरसुली गांव से गिरफ्तार किया।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना