लातूर में अनुसूचित जाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण लागू करने की मांग को लेकर विशाल रैली

Ads

लातूर में अनुसूचित जाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण लागू करने की मांग को लेकर विशाल रैली

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 09:10 PM IST

लातूर, 27 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर शहर में सोमवार को अनुसूचित जाति (एससी) समुदायों के प्रतिनिधियों समेत हजारों लोगों ने आरक्षण के फायदों का समान बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए अनुसूचित जाति आरक्षण के भीतर उप-वर्गीकरण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला।

यह रैली अन्नाभाऊ साठे चौक से शुरू हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला परिषद कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार से एससी उप-वर्गीकरण को बिना देरी लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ अनुसूचित जाति वर्ग के उन सबसे वंचित समुदायों तक उनकी आबादी के अनुपात में पहुंचना चाहिए।

प्रदर्शन में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

आयोजकों ने कहा कि यह आंदोलन किसी समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि अनुसूचित जाति वर्ग के सभी समुदायों के लिए संवैधानिक अधिकारों और उचित प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

विरोध प्रदर्शन और तेज करने की चेतावनी देते हुए आयोजकों ने घोषणा की कि अगर राज्य सरकार उप-वर्गीकरण लागू करने में विफल रहती है तो वे 29 सितंबर को मुंबई तक एक विशाल मार्च निकालेंगे।

रैली को देखते हुए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश