पुणे, एक मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ में जाली मुद्रा गिरोह के भंडाफोड़ और छह लोगों की गिरफ्तारी के कुछ दिन बाद पता चला है कि आरोपी ने नकली नोट छापने के लिए कागज व अन्य कच्चा माल एक चीनी ई-कॉमर्स पोर्टल से खरीदा था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने नोट छापने वाले आरोपियों के पास से अब तक 500 रुपये के 400 से ज्यादा जाली नोट बरामद किए हैं।
इस गिरोह का भंडाफोड 25 फरवरी को हुआ था जब पुलिस ने रितिक खडसे नाम के एक व्यक्ति को पकड़कर उसके पास से 500 रुपये के 140 नोट बरामद किए थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नोट नकली हैं।
पिंपरी चिंचवड़ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने दिघी (पिंपरी चिंचवड़ में) में जाली मुद्रा नोट छापे थे। जब परिसर पर छापा मारा गया, तो पता चला कि पांच और लोग जाली मुद्रा की छपाई में शामिल थे और 500 रुपये के 300 नोट जब्त किए गए।”
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक प्रिंटर, एक लैपटॉप, कागज, स्याही, कागज काटने की मशीन और अन्य चीजें भी जब्त की गईं।
उन्होंने कहा, ‘अब तक, हमने आरोपियों के पास से 500 रुपये मूल्य के 440 नोट, 4,684 आंशिक रूप से मुद्रित नोट और कागज की 1,000 शीट बरामद की हैं।’
उन्होंने कहा, ‘जांच के दौरान, पता चला कि आरोपियों में से एक ने एक चीनी ई-कॉमर्स वेबसाइट पर एक खाता खोला था और उस देश से नोट छापने के लिए कागज खरीदा था।”
अधिकारी ने कहा कि सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
भाषा जोहेब माधव
माधव