विधानसभा में उठा नाबालिग लड़की पर तेजाब हमले का मुद्दा, कांग्रेस ने की सरकार की आलोचना

विधानसभा में उठा नाबालिग लड़की पर तेजाब हमले का मुद्दा, कांग्रेस ने की सरकार की आलोचना

विधानसभा में उठा नाबालिग लड़की पर तेजाब हमले का मुद्दा, कांग्रेस ने की सरकार की आलोचना
Modified Date: March 18, 2026 / 04:51 pm IST
Published Date: March 18, 2026 4:51 pm IST

मुंबई, 18 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के संगमनेर में छठी कक्षा की एक छात्रा पर कथित तौर पर हुए तेजाब हमले के बाद कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार की जमकर आलोचना की और यहां कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया।

यह मामला विधान परिषद में भी उठा।

निर्दलीय सदस्य सत्यजीत तांबे द्वारा उठाए गए मुद्दे का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने कहा कि यह घटना अहिल्यानगर जिले के डी. के. मोरे जनता विद्यालय के बाहर हुई।

भोयर ने इस घटना को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस को गहन जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

जब भोयर से पूछा गया कि आरोपियों को तेजाब कहां से मिला, तो उन्होंने कहा कि यह स्कूलों की प्रयोगशालाओं में आसानी से मिल जाता है। मंत्री ने कहा कि पुलिस इस तरह की घटनाओं को रोकने के उपायों पर काम कर रही है और इस मामले पर विचार-विमर्श करने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने तेजाब हमले को ‘‘बहुत परेशान करने वाली’’ घटना बताते हुए सरकार पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

वडेट्टीवार ने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए तत्काल चर्चा की मांग की और दावा किया कि नाबालिग की हालत गंभीर है तथा आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी कैसे फरार हो गए? कांग्रेस नेता ने स्थानीय पुलिस के कामकाज की भी आलोचना करते हुए अक्षमता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा कहा कि इस तरह की कमियां अपराधियों को और भी बेखौफ बनाती हैं।

वडेट्टीवार ने दावा किया कि राज्य में नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मामले का संज्ञान लिया और सरकार को निर्देश दिया कि वह इस घटना पर सदन में जल्द से जल्द विस्तृत बयान प्रस्तुत करे।

कांग्रेस के सदस्य नाना पटोले ने लड़की को मुंबई लाए जाने और उसे मुफ्त में बेहतर चिकित्सा देखभाल प्रदान किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि लड़की के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं जिनका असर उसके भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासन की छवि को धूमिल करती है।

उन्होंने कहा कि अपराधी को पकड़ने में विफलता ने नागरिकों और पीड़ित परिवार के बीच चिंता बढ़ा दी है।

जल संसाधन मंत्री के साथ ही अहिल्यानगर जिले के संरक्षक मंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाले राधाकृष्ण विखे पाटिल ने विधानसभा में बताया कि बच्ची को लोनी स्थित प्रवारा आयुर्वेद संस्थान में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि विखे पाटिल के परिवार द्वारा संचालित ट्रस्ट बच्ची के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगा।

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में