मीम्स और रील्स के दौर में कॉमेडी करना और अधिक चुनौतीपूर्ण : अक्षय कुमार

Ads

मीम्स और रील्स के दौर में कॉमेडी करना और अधिक चुनौतीपूर्ण : अक्षय कुमार

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 10:52 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 10:52 AM IST

मुंबई, 24 जून (भाषा) अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि लोगों को हंसाना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन सोशल मीडिया के इस दौर में यह काम और कठिन हो गया है, क्योंकि आज हर कोई मजेदार रील्स, मीम्स और स्टैंड-अप प्रस्तुतियों से रूबरू हो रहा है।

फिल्म ‘भूत बंगला’ के बाद अक्षय अब कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज की तैयारी में हैं। यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा है और शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

अक्षय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘यह अब कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। आज हर जगह रील्स, मीम्स और कॉमेडी सामग्री मौजूद है। लेकिन कॉमेडी एक बड़ी नदी की तरह है, जो कभी नहीं सूखती। कॉमेडी के कई रूप हैं—फिजिकल कॉमेडी, परिस्थितिजन्य कॉमेडी, स्लैपस्टिक कॉमेडी और डार्क ह्यूमर।’

अभिनेता (58) ने कहा कि आज फिल्मों के अलावा भी लोगों के पास मनोरंजन के कई अन्य साधन उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा, ‘लोगों को हंसाने के अनगिनत तरीके हैं। अगर आप इंस्टाग्राम खोलें, तो आपको अंतहीन मीम्स और मजेदार वीडियो मिल जाएंगे। लोग हर दिन कॉमेडी देखते हैं। कई कॉमेडी शो हैं और कई प्रतिभाशाली स्टैंड-अप कॉमेडियन नया कंटेंट तैयार कर रहे हैं। लेकिन लोगों को हंसाना आज भी सबसे कठिन कामों में से एक है। लोग अक्सर कॉमेडी को कम आंकते हैं। मैं स्टैंड-अप कॉमेडियन का बहुत सम्मान करता हूं। अकेले मंच पर खड़े होकर दर्शकों को हंसाना बेहद मुश्किल काम है।’

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की कहानी गैंगस्टर, अपराधियों और अजीबोगरीब किरदारों के एक समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी राहें सीमा क्षेत्र के एक जंगल में आपस में टकराती हैं।

इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ 30 से अधिक प्रमुख कलाकार काम करते नजर आएंगे। कलाकारों में सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता समेत कई अभिनेता और अभिनेत्रियां शामिल हैं।

‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2007 में रिलीज हुई इसी नाम की हिट फिल्म से हुई थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ नाना पाटेकर, अनिल कपूर, परेश रावल, कैटरीना कैफ और दिवंगत फिरोज खान भी नजर आए थे। इसके बाद 2015 में ‘वेलकम बैक’ रिलीज हुई थी।

भाषा तान्या वैभव

वैभव