महाराष्ट्र में 2037 तक एमएसआरटीसी की सभी बसें इलेक्ट्रिक हो जाएंगी: परिवहन मंत्री

महाराष्ट्र में 2037 तक एमएसआरटीसी की सभी बसें इलेक्ट्रिक हो जाएंगी: परिवहन मंत्री

महाराष्ट्र में 2037 तक एमएसआरटीसी की सभी बसें इलेक्ट्रिक हो जाएंगी: परिवहन मंत्री
Modified Date: March 17, 2026 / 10:14 am IST
Published Date: March 17, 2026 10:14 am IST

मुंबई, 17 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के बेड़े की सभी बसें 2037 तक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) में तब्दील हो जाएंगी।

सरनाइक ने विधान परिषद में सोमवार को कहा कि ऐसा लक्ष्य रखा जा रहा है जिसके तहत महाराष्ट्र में चलने वाले सभी वाहन 2047 तक ईवी कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में एक कदम के रूप में एमएसआरटीसी की योजना 2037 तक अपने बेड़े में सभी इलेक्ट्रिक बसें शामिल करने की है।

मंत्री ने सदन में कहा, “एमएसआरटीसी के बेड़े में वर्तमान में 22,000 बसें हैं। इसमें 800 इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं और 2037 तक एमएसआरटीसी के बेड़े की सभी बसें इलेक्ट्रिक हो जाएंगी। यह चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। एमएसआरटीसी राज्य का पहला परिवहन निगम होगा जो अपने पूरे बेड़े को इलेक्ट्रिक रूप में परिवर्तित करेगा।”

सरनाइक ने कहा कि महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2025 के अनुसार, अटल सेतु, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और समृद्धि महामार्ग का उपयोग करने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों को टोल शुल्क से 100 प्रतिशत की छूट दी जाती है।

भाषा

यासिर गोला

गोला


लेखक के बारे में