अमरावती यौन उत्पीड़न मामला : 15 वर्षीय लड़की ने शिकायत दर्ज कराई
अमरावती यौन उत्पीड़न मामला : 15 वर्षीय लड़की ने शिकायत दर्ज कराई
अमरावती, 18 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में यौन शोषण के मामले में 15 वर्षीय एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है, वहीं अन्य संभावित पीड़ितों से भी अपने बयान दर्ज कराने की अपील की जा रही है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बावनकुले ने बताया कि पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है और सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक टैबलेट सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री बावनकुल ने अमरावती के पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दौरा करने के बाद कहा, ‘‘नागपुर की 15 वर्षीय एक पीड़िता ने आगे आकर शिकायत दी है और उसका बयान दर्ज किया जा रहा है।’’
मंत्री ने बताया कि जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘रिपोर्ट जल्द ही आने की उम्मीद है।’’
ग्यारह अप्रैल को सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो क्लिप और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19) सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया। अहमद को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश

Facebook


