अमरावती, 19 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को राज्य की जनता को उगादि की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि उगादि तेलुगु नववर्ष है। यह हर्ष और आशा का पर्व है, जो समृद्धि व खुशहाली की आकांक्षाओं के साथ नए वर्ष के आगमन का प्रतीक है।
लोक भवन से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में नज़ीर ने कहा, “मैं श्री पराभव नाम संवत्सर उगादि के पावन अवसर पर आंध्र प्रदेश के लोगों और विश्वभर में बसे तेलुगु समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
उगादि पचड़ी (एक पारंपरिक व्यंजन) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि इसके स्वादों का मिश्रण जीवन के विविध अनुभवों का प्रतीक है और लोगों को सभी परिस्थितियों को स्वीकार करने की याद दिलाता है।
मुख्यमंत्री ने उगादि को छह स्वादों का संगम और वसंत ऋतु का आगमन बताया। यह भविष्य के लिए खुशी और आशा का प्रतीक है।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री पराभव नाम संवत्सर उगादि के शुभ अवसर पर, मैं सभी तेलुगु लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।’’
इस बीच, नायडू ने तुम्मलापल्ली कलाक्षेत्रम में आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित उगादि समारोह में भाग लिया।
नायडू ने मंत्रियों और अन्य नेताओं के साथ समारोह के तहत पारंपरिक ‘उगादि पचड़ी’ का स्वाद चखा।
भाषा
यासिर पवनेश
पवनेश