अमरावती, 18 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को शेषाचलम पहाड़ियों में सतत संरक्षण प्रयासों के तहत तिरुमला के 89.4 प्रतिशत क्षेत्र में वन आच्छादन का लक्ष्य हासिल करने के लिए टीटीडी को बधाई दी।
टीटीडी के अनुसार, उसके अधिकार क्षेत्र में आने वाले कुल 2,719 हेक्टेयर में से लगभग 2,431 हेक्टेयर क्षेत्र वनस्पति से आच्छादित है। इस प्रकार नवीनतम ‘इंडिया स्टेट ऑफ फॉरेस्ट रिपोर्ट’ (आईएसएफआर) के अनुसार, तिरुमला का 89.4 प्रतिशत हिस्सा वनाच्छादित है।
मुख्यमंत्री ने पवित्र पहाड़ी शृंखलाओं में वन संपदा की रक्षा करने और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने के लिए मंदिर निकाय के प्रयासों की सराहना की।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी परंपराओं में प्रकृति को पवित्र माना जाता है, और जंगलों एवं वन्यजीवों का संरक्षण ईश्वर की सेवा (के समान) है। मैं इन प्रयासों की सराहना करता हूं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरे-भरे और स्वस्थ तिरुमला को संरक्षित करने में मदद करेंगे।”
शेषाचलम पहाड़ियों की चोटी पर स्थित तिरुमला, भगवान श्री वेंकटेश्वर का निवास स्थान है।
टीटीडी, तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर का आधिकारिक संरक्षक है, जिसे दुनिया का सबसे धनी हिंदू तीर्थस्थल माना जाता है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश