अमरावती, 28 भाषा (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को तेलुगु देशम पार्टी के संस्थापक एन टी रामाराव को उनकी 103वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामाराव, जिन्हें लोकप्रिय रूप से एनटीआर के नाम से जाना जाता है, इस कहावत का जीता-जागता उदाहरण थे कि लगन से मनुष्य संत और महान व्यक्तित्व बन सकते हैं।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘तेलुगु जनता के पूजनीय नेता, विश्व स्तर पर प्रशंसित दिग्गज और महान व्यक्तित्व, एन टी रामाराव को उनकी 103वीं जयंती पर मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’
उन्होंने कहा कि कृष्णा जिले के निम्माकुरु गांव में 28 मई, 1923 को जन्मे एनटीआर, तेलुगु लोगों के दिलों में हमेशा के लिए अंकित एक अविस्मरणीय व्यक्तित्व बने रहेंगे।
नायडू ने इस बात पर प्रकाश डाला कि एनटीआर ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के अपने प्रतिष्ठित चित्रण के माध्यम से सिनेमा जगत पर एक अमिट छाप छोड़ी और बाद में राजनीति में एक मार्गदर्शक सितारे के रूप में उभरे।
उन्होंने दिवंगत नेता को एक आधुनिक समाज सुधारक बताया, जिन्होंने तेलुगु लोगों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए। एनटीआर एक दिग्गज अभिनेता और अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री थे।
तेलुगु सिनेमा में उनके योगदान, कल्याणकारी शासन और तेलुगु पहचान और राजनीति पर उनके प्रभाव के लिए उन्हें व्यापक रूप से याद किया जाता है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन