आंध्र प्रदेश पुलिस ने आतंकवादी संगठनों से संपर्क के संदेह में 12 लोगों को गिरफ्तार किया

Ads

आंध्र प्रदेश पुलिस ने आतंकवादी संगठनों से संपर्क के संदेह में 12 लोगों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - March 25, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - March 25, 2026 / 04:53 PM IST

अमरावती, 25 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने समन्वित बहु-राज्य अभियान के तहत आतंकवादी संगठन से संबंध के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि संदिग्धों को गिरफ्तार करने के लिए बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान में विशेष टीम तैनात की गई थी।

एक खुफिया अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान में कई टीम तैनात कर चरमपंथी नेटवर्क से जुड़े 12 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आंध्र प्रदेश से तीन लोग शामिल हैं।’’

आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार तीन आरोपियों की पहचान बाइक टैक्सी चालक मोहम्मद रहमतुल्ला शरीफ, ‘लेजर मार्किंग’ पेशेवर मोहम्मद दानिश मिर्जा और रेस्तरां में काम करने वाले सोहेल बेग के रूप में हुई है। ये सभी विजयवाड़ा शहर के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, तीनों चरमपंथी विचारधारा को फैलाने और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से जुड़ी गतिविधियों में सहयोग करने में शामिल थे।

आरोपियों का विदेश स्थित अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) और इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के सरगनाओं से संपर्क था और वे राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि इन तीनों ने ‘अल मालिक इस्लामिक यूथ’ नामक समूह बनाया था जिसका उद्देश्य युवाओं को चरमपंथी विचारधारा की ओर उन्मुख करना और देशभर में नेटवर्क का विस्तार करना था।

खुफिया गतिविधि रोधी (सीआई) प्रकोष्ठ के अनुसार, आरोपियों ने कई प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों से संपर्क स्थापित किया और विदेश स्थित सरगनाओं के निर्देशों पर काम किया। वे गजवा-ए-हिंद (भारत के खिलाफ युद्ध) की अवधारणा के तहत काम कर रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रहमतुल्ला, अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेताओं के नफरती भाषणों से प्रभावित था और वह सोशल मीडिया पर चरमपंथी सामग्री को साझा करता था। दानिश और सोहेल बेग ने भी ऑनलाइन मंचों के जरिए जिहाद संबंधित गतिविधियों को प्रसारित किया।

जांच के मुताबिक, वे एक महीने के भीतर पाकिस्तान यात्रा कर प्रशिक्षण लेने की योजना बना रहे थे और युवाओं को पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान में मिलिट्री प्रशिक्षण के लिए प्रेरित कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि संदिग्धों के और संपर्कों की पहचान और नेटवर्क के विस्तार को रोकने के लिए जांच जारी है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि

सुरभि

शीर्ष 5 समाचार