बारामती उपचुनाव: रोहित पवार ने कांग्रेस से उम्मीदवारी वापस लेने का आग्रह किया
बारामती उपचुनाव: रोहित पवार ने कांग्रेस से उम्मीदवारी वापस लेने का आग्रह किया
मुंबई, नौ अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से मुलाकात कर बारामती उपचुनाव में पार्टी की उम्मीदवारी वापस लेने का आग्रह किया, ताकि राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो सके।
सूत्रों के अनुसार, एक दिन पहले सुनेत्रा पवार ने भी सपकाल से बात कर उनसे अनुरोध किया था कि वह सुनिश्चित करें कि उनकी पार्टी का उम्मीदवार 23 अप्रैल के लिए निर्धारित उपचुनाव में उनके खिलाफ नामांकन वापस ले ले।
कांग्रेस ने कहा था कि वह चुनाव से तभी हटेगी जब जनवरी में हुई विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के मामले में महाराष्ट्र में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पवार की मृत्यु के कारण ही बारामती में उपचुनाव जरूरी हो गया है।
चुनाव की तैयारियों के बीच माहौल उस समय तल्ख हो गया जब सुनेत्रा पवार के बेटे पार्थ पवार ने हाल में कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार उतारने की आलोचना की।
रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपने चचेरे भाई पार्थ पवार की टिप्पणियों पर खेद जताया है।
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस अपने नेतृत्व से चर्चा के बाद उचित और सकारात्मक निर्णय लेगी।”
सुनेत्रा पवार और कांग्रेस के आकाश मोरे सहित कुल 53 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अप्रैल है।
राकांपा (शप) नेता ने कहा कि कांग्रेस ने यह सही संदेश दिया है कि विमान दुर्घटना मामले में न्याय मिलना चाहिए और महाराष्ट्र में प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।
बारामती विमान दुर्घटना की लगातार उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे रोहित पवार ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि आज दिल्ली में मौजूद सुनेत्रा पवार केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मिलेंगी और मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगी।”
शरद पवार नीत राकांपा (शप) ने पहले ही घोषणा की है कि वह सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


