महाराष्ट्र के उदगीर में मुर्गियों में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि

Ads

महाराष्ट्र के उदगीर में मुर्गियों में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि

  •  
  • Publish Date - January 29, 2025 / 12:17 AM IST,
    Updated On - January 29, 2025 / 12:17 AM IST

लातूर, 28 जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र में लातूर जिले के उदगीर कस्बे में रामनगर इलाके में मंगलवार को कुक्कुट पालन केन्द्र में कुछ मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें मारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अन्य सुरक्षा उपाय भी किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उदगीर शहर के कुछ हिस्सों में 60 से अधिक कौवों की बर्ड फ्लू से मृत्यु के कुछ दिन बाद घरेलू स्तर पर पाली गईं मुर्गियों की जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

पशुपालन विभाग के जिला उपायुक्त डॉ. श्रीधर शिंदे ने बताया, ‘‘मुर्गियों के नमूने 24 जनवरी को जांच के लिए भेजे गए थे। भोपाल के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने आज दोपहर पुष्टि की कि ये बर्ड फ्लू से संक्रमित हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इसके बाद जिला प्रशासन ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। एक किलोमीटर के दायरे में लगभग 200 मुर्गियों और अन्य देशी पक्षियों को वैज्ञानिक तरीके से मारा जा रहा है और अंडों, चारे तथा मुर्गियों से संबंधित सामान को नष्ट किया जा रहा है। इसके अलावा, 10 किलोमीटर के दायरे को अलर्ट जोन घोषित किया गया है।’’

भाषा शोभना वैभव

वैभव