इक्कीस राज्यों में भाजपा-नीत राजग की सरकारें 2029 से पहले यूसीसी लागू करेंगी : अमित शाह
इक्कीस राज्यों में भाजपा-नीत राजग की सरकारें 2029 से पहले यूसीसी लागू करेंगी : अमित शाह
मुंबई, 13 सितंबर (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि 21 राज्यों की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारें 2029 से पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेंगी।
शाह यहां संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की 25 साल की यात्रा का उल्लेख किया।
शाह ने कहा, ‘‘तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है और मुझे विश्वास है कि भाजपा-राजग शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।’’ अगला लोकसभा चुनाव 2029 में होना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत किया है और दावा किया कि कई राज्यों में एक साल में दोषसिद्धि दर में 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि तीन साल के भीतर न्याय दिलाने के लिए एक व्यवस्था स्थापित की जा रही है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर शाह ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए को बिना एक बूंद खून बहाए या एक गोली चलाए समाप्त किया गया और दावा किया कि कश्मीर अब भारत के साथ पूरी तरह एकीकृत है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पांच दशक से जारी नक्सलवाद को समाप्त किया है और देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में 14 से अधिक शांति समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
शाह ने कहा, ‘‘नौ हजार से अधिक लोगों ने आत्मसमर्पण किया है और आज हम पूर्वोत्तर को विकास के रास्ते पर लाये हैं।’’
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, हवाई हमले और ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति स्थापित की है।
मणिपुर में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) लागू करने के लिए क्या 1951 को आधार वर्ष माना जाएगा, इस सवाल पर शाह ने कहा कि केंद्र इस मुद्दे पर अपने सहयोगियों और राजनीतिक दलों के साथ चर्चा कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इन मुद्दों पर अपने सहयोगियों और मणिपुर के राजनीतिक दलों के साथ चर्चा कर रहे हैं। जो भी फैसला होगा, हम आपको बताएंगे।’’
अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों और मुंबई जैसे शहरों में उनकी पहचान किए जाने के बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि सरकार उन्हें चिह्नित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तरीकों का खुलासा नहीं करेगी।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘आप गृहमंत्री से कह रहे हैं कि वह तरीकों को सार्वजनिक कर दें और आपको बता दें कि यह कैसे किया जाएगा। फिर हम उन्हें कैसे पकड़ेंगे? उन्हें भी पता चल जाएगा।’’
शाह ने देश से अवैध घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें बाहर निकालने के सरकार के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने संकल्प को दोहराता हूं कि हम इस देश के एक-एक अवैध घुसपैठिये की पहचान करेंगे और एक-एक करके उन्हें देश से बाहर भेजेंगे।’’
सरकार के मादक पदार्थ-रोधी अभियान पर शाह ने कहा कि उन्होंने हाल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ शुरू किया है और इस अभियान के तहत हर राज्य का दौरा करेंगे।
शाह ने कहा कि उन्होंने पिछले दिन एक मुख्यमंत्री से बात की थी और अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए पूरे दिन बैठक की जाएगी। शाह ने कहा, ‘‘यह निश्चित रूप से जमीनी स्तर तक पहुंचेगा और भारत मादक पदार्थों के खिलाफ जीत हासिल करेगा।’’
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


