मुंबई, दो फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र भाजपा के मंत्रियों ने सोमवार को विपक्षी दलों से पुणे जिले में विमान दुर्घटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की दुखद मौत का राजनीतिकरण न करने का आग्रह किया और कहा कि त्रासदी की जांच चल रही है और लोगों को इसके परिणाम का इंतजार करना चाहिए।
उनकी यह अपील विपक्षी नेताओं द्वारा 28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे पर हुए विमान हादसे में अजित पवार की मौत को लेकर उठाए गए कुछ सवालों के मद्देनजर आई है। इन नेताओं में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत भी शामिल हैं।
जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘पूरा राज्य अजित पवार के निधन पर शोक मना रहा है। विपक्ष पवार के पास कुछ फाइल के होने की बात क्यों कर रहा है और उन्हें दुर्घटना से क्यों जोड़ रहा है? वे क्या कहना चाह रहे हैं?’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विपक्ष को पवार की आकस्मिक मृत्यु का राजनीतिकरण करने से बचना चाहिए।
पवार भाजपा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के घटक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख थे।
नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा के एक अन्य मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का ‘ब्लैक बॉक्स’ बरामद कर लिया गया है और जांच के तहत उसमें संग्रहीत विवरणों का विश्लेषण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘ब्लैक बॉक्स के विवरणों का विश्लेषण पूरा हो जाने के बाद दुर्घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। लोगों को दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता चल जाएगा।’
इससे पहले दिन में शिवसेना (उबाठा) नेता राउत ने नयी दिल्ली में कहा कि अजित पवार की मृत्यु भाजपा के ‘घोटाले’ से संबंधित फाइल होने के खुलासे के कुछ ही दिनों बाद हुई और उन्होंने घटनाक्रम को ‘रहस्यमय’ बताया।
राज्यसभा सांसद ने यह भी दावा किया कि अजित पवार ने भाजपा से संबंध तोड़ने और अपने चाचा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार के साथ फिर से जुड़ने का फैसला किया था।
राउत ने दावा किया, ‘अजित पवार लगातार कह रहे थे कि उनके पास भाजपा के घोटाले की फाइल है और वह इसका खुलासा करेंगे। उन्होंने यह बात 15 जनवरी को कही और अगले 10 दिनों के भीतर एक दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। यह रहस्यमय है। अजित पवार जैसा व्यक्ति विमान में बैठा है और विमान में कोई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति नहीं है, कोई ओएसडी (विशेष कार्य अधिकारी) नहीं है।’
नगर निकाय चुनावों के लिए प्रचार के दौरान अजित पवार ने दावा किया था कि उनके पास भाजपा के भ्रष्टाचार की एक फाइल है, जब वह 1995 से 1999 के बीच अविभाजित शिवसेना के साथ राज्य में सत्ता में थी।
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि विमान दुर्घटना को लेकर संदेह पैदा हो गए हैं और उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच की अपनी मांग को दोहराया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश